
इंदौर हवा बंगला, कैट रोड स्थित हरिधाम आश्रम पर शुक्रवार सुबह से पंचकुंडीय श्रीहनुमत महायज्ञ का शुभारंभ होते ही आश्रम परिसर प्रभु श्रीराम, हनुमानजी एवं यज्ञनारायण के जयघोष से गूंज उठा। शाम को आश्रम के महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से हरिधाम तक निकली भव्य कलश यात्रा ने पूरे मार्ग को भक्ति भाव के रंग में सराबोर बनाए रखा। मातृशक्ति ने पवित्र नदियों के जल से भरे कलश अपने मस्तक पर धारण कर नर्मदा, गंगा, जमुना, क्षिप्रा सहित सभी नदियों के गुणगान के बीच नाचते-गाते हुए अपनी मंजिल तय की। आश्रम पर शनिवार 23 मई से प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक श्रीधाम वृन्दावन के प्रख्यात कथाकार पं. श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा होगी। आयोजन में स्वदेशी जागरण मंच की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रहेगी।
आश्रम परिवार के प्रमुख डॉ. सुरेश चोपड़ा, संजय अग्रवाल एवं संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुखराज पैलेस से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में शहरी क्षेत्र के अलावा आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु भी परम्परागत परिधान में शामिल हुए। फूटी कोठी से प्रारंभ कलश यात्रा सीधे हवा बंगला होते हुए कैट रोड से हरिधाम आश्रम पहुंची। बैंड बाजों और ढोल-ढमाकों सहित निकली इस कलश यात्रा में महंत शुकदेवदास, समाजसेवी विष्णु बिंदल, सीताराम नरेडी, पिंकेश मोदी, राहुल धनोतिया और आश्रम के अन्य सहयोगी पूरे समय पैदल चले और भक्तों का उत्साहवर्धन किया। शनिवार से होने वाली राम कथा के श्रीधाम वृन्दावन से आए आचार्य पं. श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज सहित अनेक संत विद्वान बग्घियों में विराजित थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, फल वितरण एवं स्वल्पाहार सेवा के साथ कलश यात्रा का गरिमापूर्ण स्वागत किया गया। आश्रम पहुँचने पर सुधीर अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, विजय सिंह राणा आदि ने सभी मेहमानों की अगवानी की।
आज के कार्यक्रम – हरिधाम पर शनिवार को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में “कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं” महामंत्र से 29 मई तक कुल 11 लाख आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। यजमानों को महायज्ञ में सिद्ध और अभिमंत्रित किए गए श्रीयंत्र भी भेंट किए जाएँगे। इसी तरह 23 से 29 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक संगीतमय श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन भी होगा। यह पहला अवसर है जब हरिधाम पर इस बार 3 बड़े अनुष्ठान होने जा रहे हैं। इनमें हनुमत महायज्ञ और वृन्दावन के प्रख्यात भागवताचार्य के श्रीमुख से श्रीराम कथा और समापन दिवस पर 29 मई को दोपहर 2 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात शाम 7 बजे से विशाल भंडारे का क्रम प्रारम्भ होगा, जिसमें 25 गांवों के श्रद्धालु भागीदार बनेंगे।
