भीषण आग-झोपड़ियां खाक
इंदौर। मांगलिया में भीषण आग लगने से चार झुग्गी-झोपड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में झोपड़ियों के भीतर रखा गृहस्थी का सारा कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ितों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात शरारती तत्व ने उनकी झोपड़ियों में जानबूझकर आग लगाई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है। फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, मांगलिया के रामदेव नगर में रात करीब १२.२० बजे एक झुग्गी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गांधी हॉल फायरस्टेशन से सुशील दुबे दमकल कर्मियों और फायर टेंडर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, तब तक एक झोपड़ी में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया था और पास की तीन अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। दमकल कर्मियों ने करीब ४० हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर १ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग की इस चपेट में आने से क्षेत्र के रहने वाले चंद्रशेखर पिता राम सिंह, देवीसिंह पिता रामनारायण, कमलाबाई अहिरवार और चंद्रभान की झोपड़ियां और उनमें रखा सामान पूरी तरह जल गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
