इन्दौर। राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र का मकान खाली करने से इनकार करने पर दो युवकों ने किरायेदार पर पत्थर और हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया। घायल किरायेदार की शिकायत पर राजेन्द्र नगर पुलिस ने दोनों हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी धीरज पिता मंशाराम निहाले, निवासी बुद्ध नगर ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर मौजूद था, तभी क्षेत्र के रहने वाले शिवराम और जितेंद्र वहां आए। आरोपियों ने आते ही धीरज से मकान खाली करने को कहा। जब धीरज ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह मकान का किराया अपनी बहन लक्ष्मी को देता है और वह अपने परिवार के साथ यहीं रहेगा, तो आरोपी भड़क गए।मामूली बहस के बाद शिवराम और जितेंद्र ने धीरज को गालियां देना शुरू कर दिया। जब धीरज ने गालियां देने से मना किया, तो शिवराम ने पास ही पड़ा पत्थर उठाया और सीधे धीरज के सिर में दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। इसके बाद जितेंद्र ने भी धीरज के साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। पीड़ित ने शोर मचाकर अपनी जान बचाई। राजेन्द्र नगर पुलिस ने धीरज की रिपोर्ट पर शिवराम और जितेंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
