
इंदौर
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री राजेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा 21 जून (रविवार) को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा के दृष्टिगत सांवेर क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सांवेर श्री देवेन्द्र सिंह धुर्वे, थाना प्रभारी सांवेर निरीक्षक श्री गिरिजाशंकर महोबिया सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों की चैकिंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नीट परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
