निर्माण कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
समय सीमा में कार्य नहीं होने पर ब्रिज निर्माण एजेंसी पर लगेगी पेनल्टी

इंदौर
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज रिंग रोड स्थित मुसाखेडी चौराहा, आईटी पार्क और देवास नाका ओव्हरब्रिज का निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री वर्मा के साथ नगर निगमायुक्त श्री क्षितिज सिंघल, अनुविभागीय अधिकारी श्री घनश्याम धनगर, एमपीआरडीसी ब्रिज सेल के प्रबन्धक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टमर श्री वर्मा ने तीनों निर्माणाधीन ब्रिज के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से प्राप्त की।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को ब्रिज निर्माण कार्य में और अधिक गति लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीनों ओव्हरब्रिज क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत प्रदान करेगें। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि बारिश की वजह से निर्माण स्थल के आसपास जल भराव और यातायात जाम की स्थिति निर्मित नहीं हो। साथ ही पैदल चलने वालों के लिए सुविधाजनक पैसेज बनाये जाए, आवश्यकता होने पर पेंचवर्क करें। उन्होंने ब्रिज निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को कहा कि यदि पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए पैसेज समय सीमा में नहीं बना तो पेनाल्टी लगाई जायेगी।
