
इंदौर अहमदाबाद के प्रसिद्द जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. धीरज मारोठी जैन रविवार 9 अगस्त को इंदौर आ रहे हैं। वे यहाँ शाम 4 से 7 बजे तक पलासिया स्थित तेरा पंथ भवन, आचार्य तुलसी फिजियोथैरेपी सेंटर पर मप्र वैश्य महासम्मेलन एवं तेरा पन्थ जैन समाज की मेजबानी में आयोजित चिकित्सा शिविर में अपनी सेवाएँ देकर जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित करेंगे।
मप्र वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री अरविन्द बागड़ी ने बताया कि डॉ. धीरज मारोठी जैन पिछले 23 वर्षों में 25 हजार से अधिक मरीजों की जोड़ प्रत्यारोपण सर्जरी कर चुके हैं। जिन लोगों को घुटनों में जकडन, लगातार दर्द, सूजन एवं कुल्हे के घिसाव, घुटनों में टेढ़ापन, बैठने-उठने में परेशानी, कमर और कुल्हे में दर्द तथा मांसपेशियों में खिंचाव की परेशानी हो वे पलासिया स्थित तेरा पंथ भवन पहुंचकर डॉ. जैन की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। बागड़ी ने बताया कि वैश्य महासम्मेलन की ओर से इस अवसर पर डॉ. जैन का सम्मान भी किया जाएगा। डॉ. जैन जोड़ प्रत्यारोपण से जुडी समस्याओं पर व्याख्यान भी देंगे।
