इंदौर
राम जन्मभूमि न्यास अयोध्या के वरिष्ठ न्यासी युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज द्वारा पंचकुइया रोड पर संचालित युगपुरुष धाम पर शनिवार 29 अगस्त को अपराह्न 11.30 बजे से दिव्यांग बच्चों के ऐसे अभिभावकों का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने अपने दिव्यांग बच्चों के साथ ही माता-पिता की सेवा भी पूरे समर्पण भाव से की है ताकि कोई भी माता-पिता वृद्धाश्रम तक नहीं जा सके।
युगपुरुष धाम समिति के प्रमुख तुलसी शादीजा, अध्यक्ष श्रीमरी जाह्नवी-पवन ठाकुर, प्राचार्य डॉ. अनिता शर्मा एवं अंकुर रिहेब सेंटर के डॉ. अंकुर अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर अतिथि के रूप में श्रीमती ज्योति-प्रतीक श्रीवास्तव, श्रीमती रूपकुमारी-मनोहरलाल अजमेरा, श्रीमती ललिता-अशोक मालू एवं श्रीमती सुषमा-प्रकाशचंद्र त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम की प्रेरणा श्रीमती सोनम शादीजा के सेवा कार्यों को देखकर मिली है जिन्होंने पिछले 27 वर्षों से अपने दिव्यांग बच्चों के साथ ही अपने सास-ससुर की सेवा का व्रत भी पूरे समर्पण भाव से ले रखा है। हॉस्पिटल की चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीता शादीजा का सम्मान भी किया जाएगा जिन्होंने पुडिचेरी मेडिकल कॉलेज से स्वर्ण पदक प्राप्त कर डर्मेटोलॉजी में उपाधि प्राप्त की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि ऐसे पालकों और अभिभावकों का सम्मान अवश्य करना चाहिए, जो दिव्यांग बच्चों के साथ ही अपने माता-पिता और सास-ससुर की सेवा समर्पित भाव से कर रहे हैं ताकि किसी भी वृद्ध को वृद्धाश्रम तक जाने की नौबत नही आए। कार्यक्रम पंचकुइया स्थित स्वामी परमानंद अस्पताल परिसर में होगा।
