
मंदिर के चारों ओर मनोहारी विद्युत सज्जा- 11 विद्वानों ने समर्पित किये छप्पन भोग
इंदौर मरीमाता चैराहा स्थित श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर पर सोमवार को गणेशोत्सव के पहले दिन गणेशजी की दिव्य प्रतिमा का स्वर्णिम आभा से आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके पूर्व 11 विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच दूध एवं फल-फूल से अभिषेक कर गणेशजी को छप्पन भोग समर्पित किए। मंदिर पर बारह दिवसीय गणेशोत्सव के कार्यक्रम भी निर्धारित हो गए हैं। महोत्सव में बारहों दिन विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि मंदिर पर श्रृंगार दर्शन एवं चौराहे पर भक्तों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार एवं दाएं-बाएं बेरिकेट्स लगाकर भक्तों को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि चौराहे का यातायात बाधित न हो सके। आज महोत्सव के पहले दिन ही सिद्ध विजय गणेश के दर्शनार्थ भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। रात्रि को महाआरती में पूर्व पार्षद राजेंद्र शुक्ला, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, दीपेन्द्रसिंह सोलंकी, क्षेत्र के पार्षदों सहित अनेक विशिष्टजन शामिल हुए।
महोत्सव में पूरे बारह दिनों तक प्रतिदिन रात 9 बजे से भजन संध्या एवं अन्य धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर के पुजारी पं. प्रेमनारायण शास्त्री, पं. महेंद्र शर्मा, राजेंद्र शास्त्री के निर्देशन में भगवान के नित्य नूतन श्रृंगार का सिलसिला आज से शुरू हो गया है। श्रृंगार दर्शन के लिए पहले दिन ही 20 हजार से अधिक भक्तों ने कतारों में लगकर दर्शन किए। महिला एवं पुरूषों के लिए यहां पृथक कतारों में दर्शन एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
