
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि; मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंथा नागेश्वरन देंगे मुख्य वक्तव्य; स्वामी विज्ञानानंद जी करेंगे अध्यक्षता
इंदौर। हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर द्वारा 26 सितंबर 2026 को इंदौर में ‘अर्थ-अभ्युदय’ कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव का मुख्य विषय ‘मालवा से ग्लोबल ब्रांड’ रहेगा, जिसमें इंदौर एवं मालवा क्षेत्र के व्यवसायों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा क्षेत्र से वैश्विक पहचान वाले व्यवसाय एवं ब्रांड विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
इंदौर चैप्टर के अध्यक्ष श्री तपन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे। भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंथा नागेश्वरन मुख्य वक्ता के रूप में भारत एवं वैश्विक अर्थव्यवस्था के बदलते परिदृश्य और उभरते आर्थिक अवसरों पर विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदू इकोनॉमिक फोरम के संस्थापक एवं वैश्विक समन्वयक स्वामी विज्ञानानंद जी करेंगे।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनकी उपस्थिति इंदौर के शहरी विकास, उद्यमिता एवं आर्थिक विस्तार से जुड़े संवाद को विशेष संदर्भ प्रदान करेगी।
इंदौर चैप्टर के उपाध्यक्ष श्री नमन अग्रवाल ने बताया कि कॉन्क्लेव में निवेश, निर्यात, तकनीक, नवाचार, पूंजी, नए बाजार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा जैसे विषयों पर उद्योगपतियों, उद्यमियों, निवेशकों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद होगा।
सचिव श्री अक्षय गुप्ता ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य उद्यमियों को ज्ञान, नेटवर्क, निवेश एवं नए व्यापारिक अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। वहीं कोषाध्यक्ष सुश्री खुशबू सेठिया ने बताया कि महिला उद्यमिता, युवा उद्यमियों एवं व्यवसाय विस्तार जैसे विषयों को भी कार्यक्रम में स्थान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में इंदौर एवं मालवा क्षेत्र के चुनिंदा उद्योगपति, व्यवसायी, उद्यमी, निवेशक एवं प्रोफेशनल्स आमंत्रित किए गए हैं। हिंदू इकोनॉमिक फोरम–इंदौर चैप्टर का उद्देश्य क्षेत्र की उद्यमशील क्षमता को ज्ञान, पूंजी, संपर्क और वैश्विक अवसरों से जोड़कर मालवा से ऐसे व्यवसायों एवं ब्रांड्स के विकास को प्रोत्साहित करना है, जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
