राधा-कृष्ण के मनोहारी ढोल और आकर्षक झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण, बालिकाएं भी दिखाएंगी हैरतअंगेज करतब
इंदौर। तीन दशक पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी डोल ग्यारस के पावन अवसर पर शहर में भव्य ढोल चल समारोह की धूम रहेगी।स्वर्गीय मूलचंद उस्ताद व्यायामशाला शाखा नं. 02 एवं वीर सिद्धेश्वर हनुमान व्यायामशाला के तत्वावधान में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य ढोल चल समारोह बाबूलाल नगर से चितावद चौराहा तक निकाला जाएगा।संयोजक संदीप जी पंवार, उस्ताद दिलीप जी सिसोदिया एवं खलीफा प्रदीप सोनगरा ने बताया कि यह परंपरा विगत तीन दशक से अनवरत चली आ रही है। इस वर्ष समारोह में आकर्षक ढोल, राधा-कृष्ण के मनोहारी श्रृंगारित ढोल एवं भव्य झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी।समारोह की विशेष बात यह रहेगी कि इसमें अखाड़े के शूरवीरों के साथ-साथ बालिकाएं भी हैरतअंगेज करतब दिखाएंगी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और धर्म ध्वजा के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो जाएगा।आयोजक संस्था सम्मान ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार चल समारोह में शामिल होकर शोभा बढ़ाने की अपील की है।
दिनांक – 22 सितंबर 2025, बुधवार, शाम 6 बजे से
प्रारंभ स्थल – बाबूलाल नगर, गली नं. 05 से
