इंदौर
तिलक नगर थाना क्षेत्र के आंचल नगर में शराबखोरी के लिए पैसे न देने पर एक शराबी पति द्वारा अपनी ही पत्नी के सिर पर ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले तो पैसों की मांग को लेकर पत्नी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और फिर हमला करते हुए भारी ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तिलक नगर पुलिस के अनुसार, घटना आंचल नगर की है, जहां रहने वाली पीडि़ता चतरी बाई पति नाथू भंवर ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी महिला ने पुलिस को बताया कि बीती शाम उसका पति नाथू काम खत्म कर घर लौटा। घर आते ही उसने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसों की मांग शुरू कर दी। जब पीडि़ता ने शराब के लिए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। पीडि़ता द्वारा अभद्र भाषा का विरोध करने पर आरोपी नाथू उग्र हो गया और उसने लात-घूंसों से पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने पास में पड़ी एक ईंट उठाकर सीधे पत्नी के सिर पर दे मारी। ईंट का वार लगते ही पीडि़ता का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर आए पड़ोसियों ने महिला को बचाया।
