
इंदौर
अग्रवाल संगठन पीपल्याहाना की मेजबानी में पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की 5150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार 25 सितम्बर को शाम 7 बजे से रेसकोर्स रोड स्थित अभय प्रशाल, लाभ मंडपम पर “सदाबहार गीतों का कारवां” कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन किया जा रहा है। संगठन के अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता एवं सचिव डॉ. आलोक बंसल ने बताया कि इस आयोजन में मुंबई के प्रख्यात गायक शैलजा सुब्रमण्यम एवं प्रशांत नासेरी, बेंगलुरु के फरदीन एवं इंदौर की शिफा अंसारी अपने सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। कोरस स्वरांश पाठक, संगीत समन्वयक योगेश पाठक और सूत्रधार रहेंगी शिक्षा शर्मा।
समाजसेवी टीकमचंद गर्ग एवं राजेश गर्ग (केटी ग्रुप), मुरारी शाह-मनीष शाह (रालीन पोलिमर) एवं अविनाश गुप्ता-कृष्णा गुप्ता (सिद्धि विनायक फेक्सी पैक) के आतिथ्य में यह आयोजन होगा। इस अवसर पर स्व. श्रीमती सुमित्रा देवी गुप्ता एवं अजीत कुमार गुप्ता की पुण्य स्मृति में प्रतिभाओं का सम्मान भी होगा। इसके पश्चात 4 अक्टूबर को सुबह भव्य प्रभातफेरी का आयोजन पीपल्याहाना स्थित महाराजा अग्रसेन चौक से प्रारम्भ होगा, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे महाराजा अग्रसेन एवं अन्य देवी-देवताओं के श्रृंगार में सज-धजकर आएंगे एवं उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। लाभ मंडपम में होने वाले कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आमंत्रितों से आग्रह किया गया है कि वे पहले आएं पहले पाएं के आधार पर अपनी जगह आरक्षित कर लें। प्रवेश केवल आमंत्रितों के लिए ही संभव होगा।
