
प्रेस परिषद करेली एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार करेली के संयुक्त तत्वाधान में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। संस्कार मैरिज गार्डन गोंगावली में आयोजित शिविर के समापन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सहभागिता की।
इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं संतुलित जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राणायाम और संतुलित आहार स्वस्थ जीवन का आधार हैं। नियमित योग, संयमित दिनचर्या और प्राकृतिक जीवन पद्धति को अपनाकर व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ एवं निरोगी रखने की दिशा में प्रयास कर सकता है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न उपायों, योग एवं प्राणायाम के साथ स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग, प्राणायाम एवं संतुलित आहार को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रेस परिषद के अध्यक्ष श्री अनुज ममार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य नागरिकों को प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर श्री रामसनेही पाठक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, योगाचार्य श्री दीपांकर अत्रे सहित प्रेस परिषद के सदस्य, गायत्री परिवार के सदस्य, प्रशिक्षक, साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पांच दिवसीय शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग का लाभ लिया।
