
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
इंदौर,
15 अक्टूबर को ‘महिला किसान दिवस-2026’ के उपलक्ष्य में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश को विशेष गौरव प्राप्त हुआ है। प्रदेश की एक महिला कृषि अधिकारी और एक महिला कृषक को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, नई दिल्ली के सचिव श्री अतिश चंद्र द्वारा अधिकारियों एवं कृषकों को सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश से महिला कृषि अधिकारी वर्ग में इंदौर जिले की उप संचालक सह परियोजना संचालक, आत्मा, श्रीमती शर्ली जॉन थॉमस को कृषि प्रसार, नवाचारों एवं कृषक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, महिला कृषक वर्ग में जबलपुर की उन्नतशील कृषक श्रीमती प्रीति पटेल को उनके उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा महिला किसानों एवं महिला कृषि अधिकारियों के नेतृत्व, समर्पण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनके योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया। इस उपलब्धि पर कृषि विभाग के अधिकारियों एवं किसान समुदाय ने दोनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
