संस्था शरणागति के तत्वावधान में आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री कराएंगे विशिष्ट अनुष्ठान
इंदौर, 23 अक्टूबर। संस्था शरणागति के तत्वावधान में इस बार शरद पूर्णिमा की दूधिया और चांदनी रात में श्रीमहालक्ष्मी कोजागरी महोत्सव का अनूठा आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन छोटा बांगडदा, एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर रविवार 25 अक्टूबर को शाम 5 बजे से पूनम के चाँद के विराट दर्शन तक चलेगा। शरद पूर्णिमा को चंद्रमा सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है। इसे कोजागरी अथवा कोमुदी व्रत भी कहते हैं।
संस्था शरणागति के प्रमुख पं. दिनेश शर्मा ने बताया कि कोजागरी अर्थात कौन जाग रहा है-चंद्रमा की साक्षी में इस मौके पर जागृत रहने वाले सैकड़ों श्रद्धालु श्रीमहालक्ष्मी पूजन, महाभिषेक, सहस्त्रार्चन, सौभाग्यवती पूजन के पश्चात गरबा महारास का आनंद भी लेंगे। शरद पूर्णिमा को ही भगवान श्रीकृष्ण ने महारास रचाया था और मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात्रि को चन्द्रमा की किरणों से अमृत बरसता है। माँ लक्ष्मी की उपासना और आह्वान के लिए भी शरद पूर्णिमा श्रेष्ठ प्रसंग माना गया है। देश के चारों धामों पर भागवत भाव की ध्वजा फहराने वाले श्री श्रीविद्याधाम के आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में सैकड़ों साधक इस मौके पर पूनम के चाँद की शीतल और मनमोहक छटा के बीच शास्त्रोक्त विधि से देवी-देवताओं के पूजन के पश्चात सौभाग्यवती महिलाओं और कुंवारी कन्याओं का पूजन करेंगे और गरबा महारास का भी आनंद लेंगे।
शहर में इस तरह का यह दिव्य आयोजन पहली बार हो रहा है। पूनम के चाँद की सुहावनी और मनमोहक छटा के बीच शास्त्र सम्मत यह अनुष्ठान शहर के अनेक प्रमुख संत विद्वानों के सानिध्य में होगा।
