
आज विद्याधाम आश्रम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द
सरस्वती के सानिध्य में सग्रहमख महालक्ष्मी महायज्ञ
इंदौर, एयरपोर्ट रोड स्थित श्री श्रीविद्याधाम आश्रम पर शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में रविवार 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से सग्रहमख महालक्ष्मी महायज्ञ का भव्य आयोजन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती के सानिध्य में प्रारम्भ होगा जिसमें 125 यजमान युगल लोककल्याण की कामना से आहुतियाँ समर्पित करेंगे।
इस दौरान आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में श्रीयंत्र पूजन और सहस्त्रार्चन भी किया जाएगा जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भागीदार बनेंगे। पुरुष धोती कुरता और महिलाएं साड़ी पहनकर शामिल होंगे। इस उपलक्ष्य में राजराजेश्वरी माँ त्रिपुर सुंदरी श्री श्रीविद्या का विशेष श्रृंगार भी किया जाएगा। जो श्रद्धालु यज्ञ में नहीं बैठ सकेंगे, वे परिक्रमा और दर्शन के माध्यम से इस अनुष्ठान का पुण्य लाभ उठा सकेंगे। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मन्यानंद सरस्वती निरंजनी अखाड़े के युवा संत हैं और उन्हें आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती “भगवन” से शक्ति और सिद्धियाँ प्राप्त हुई हैं। इंदौर और गुप्त काशी स्थित आश्रमों के माध्यम से वे देशभर के श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
