महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, तालाब में पानी भरने के लिए वाटर सिस्टम से जलापूर्ति की तैयारी

इंदौर। छठ पूजा से पहले पश्चिम क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बेहतर घाट की सौगात देने के लिए अन्नपूर्णा मंदिर के पास स्थित तालाब पर घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित इंजीनियरों और अधिकारियों से निर्माण की आगामी रूपरेखा की जानकारी ली। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद एवं मिक सदस्य अभिषेक शर्मा बबलू झोनल स्तर के अधिकारी निर्माण कर रही है एजेंसी के पदाधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए अन्नपूर्णा स्थित तालाब पर घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण की घोषणा की थी। इसी के तहत काम तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल छठ पूजा के अवसर पर पश्चिम क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। महापौर ने कहा कि इस बार बारिश कम होने के कारण तालाब में अपेक्षित मात्रा में पानी नहीं भर पाया है। हालांकि, छठ पूजा के मद्देनजर वाटर सिस्टम के माध्यम से तालाब में पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि घाट का उपयोग सुचारु रूप से हो सके।महापौर ने कहा कि घाट का निर्माण पूरा होने के बाद यह स्थान छठ पूजा के आयोजन के लिए उपयोगी होने के साथ ही क्षेत्र के नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां लोग घूमने और समय बिताने के लिए आ सकेंगे। घाट और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण होने से पश्चिम क्षेत्र को एक नया सार्वजनिक स्थल मिलेगा।
