
इंदौर। शहर में सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में “ट्रैफिक प्रहरी अभियान” निरंतर गति पकड़ रहा है। इस अभियान के तहत आमजन, विशेष रूप से स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक नागरिक के रूप में तैयार किया जा रहा है।
अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (जोन-4/यातायात) श्री आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में, इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने मदरलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें कक्षा 9 से 12वीं तक के लगभग 200 विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य शामिल हुए।
सहायक पुलिस आयुक्त श्री मनोज कुमार खत्री के निर्देशन में यातायात सूबेदार बृजराज अजनार और ट्रैफिक एजुकेशन विंग की टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल, संकेत बोर्ड, लेन मार्किंग, अंडर-एज ड्राइविंग से होने वाले नुकसान, लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके जैसी जानकारियाँ उदाहरणों और ट्रैफिक अल्फाबेट्स के माध्यम से सरल और रोचक अंदाज में समझाई गईं।
बच्चों को यह भी बताया गया कि वे अपने माता-पिता को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें—जैसे बिना हेलमेट वाहन न चलाना, सीट बेल्ट लगाना और तेज गति से वाहन चलाने से बचना। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े सवालों के जवाब देकर “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान में सक्रिय सहभागिता दिखाई।
स्कूल डायरेक्टर सुरजीत सिंह वालिया, प्रिंसिपल जसप्रीत कौर वालिया, कोऑर्डिनेटर भावना जोशी और तृप्ति व्यास ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियानों में सहयोग का आश्वासन दिया।
इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे “ट्रैफिक प्रहरी अभियान” से जुड़कर सड़क सुरक्षा की इस मुहिम में अपनी जिम्मेदारी निभाएँ और यातायात जागरूक समाज के निर्माण में योगदान दें।
