
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा अभियान की विभागीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
इंदौर,
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जिला शिक्षा केन्द्र समग्र शिक्षा अभियान की विभागीय समीक्षा बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में सम्पन्न हुयी। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत किये जा रहे विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षक बच्चों के मार्गदर्शक और भविष्य निर्माता है। इसलिए वे स्कूली पाठ्यक्रम समय पर पूरा करायें। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। समय पर परीक्षाएं सम्पन्न कराएं। जो विद्यार्थी पढ़ाई में कमजोर है, उनके लिये अतिरिक्त रेमेडियल कक्षाएं सुनिश्चित करें। मेरिट में आने वाले प्रतिभाशाली छात्रों के लिए भी अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था करें। विद्यालयों में लैबोरेटरी को आधुनिक बनाया जाये। लायब्रेरी को अपडेट किया जाये। विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ विज्ञान से भी जोड़ा जाये। स्कूलों में आँखों की जाँच के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जायें। पात्र विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, साइकिल, छात्रवृत्ति, लैपटाप आदि का वितरण निर्धारित समय पर किया जाये। शिक्षकों के पेंशन और वेतन संबंधी प्रकरणों का समय पर निराकरण करें।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शाला भवनों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, फर्निचर, पानी, शौचालय आदि बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिये संबंधित अधिकारी मैदान पर जाकर लगातार कार्य करें और सतत मॉनीटरिंग करें। जो अधिकारी कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेस पर विशेष ध्यान दिया जाये। यदि कोई शिक्षक या अधिकारी बिना कारण बताये अनुपस्थित रहता है, तो उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण स्वस्थ बनाये जाये, ताकि विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रूचि जागृत हो। सभी विद्यालयों में एक पेड़ माँ के नाम पौधे लगाये जाये। जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जहां जागरूकता बढ़ेगी वहीं वातावरण भी शुद्ध होगा। बैठक में सांदीपनी स्कूल, पीएमश्री स्कूल, धरतीआबा योजना पर भी चर्चा हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शांतास्वामी भार्गव, जिला परियोजना समन्वयक श्री संजय कुमार मिश्र सहित विकासखण्ड समन्वयक, विकासखण्ड अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अधिकारियों ने अपने विचार रखे।
