इंदौर । कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बदमाशों को दबोचा।दोनो शातिर वाहन चोर निकले जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 8 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद किए गए वाहनों की अनुमानित कीमत पौने 5 लाख रुपए बताई जा रही है। डीसीपी जोन 3 राजेश व्यास ने बताया कि कोतवाली पुलिस द्वारा पटेल ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान, एक मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्ति संदिग्ध लगे। पुलिस ने जब उन्हें रोककर वाहन के दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए और वाहन छोडक़र भागने लगे। चेकिंग में मौजूद पुलिस बल ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम अनवर हुसैन पिता अफजल हुसैन, निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, धार रोड और शोएब अली पिता करामत अली, निवासी हाजी कॉलोनी, खजराना बताया।पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो बदमाशों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह वाहन बस स्टैंड, बुरहानपुर से चोरी किया था। इसके अलावा, उन्होंने इंदौर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से भी कई वाहन चोरी करने की बात कबूली। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए वाहनों का उपयोग अपने निजी शौक पूरे करने, विशेष रूप से लड़कियों को घुमाने के लिए करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इन वाहनों को थाना सेंट्रल कोतवाली में जब्त किया गया है। बदमाशों के गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की जांच जारी है।
