इन्दौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक निमार्णाधीन मकान की दूसरी मंजिल से पैर फिसलने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान एमवाय अस्पताल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक वहाँ काम कर रहे अपने एक दोस्त से मुलाकात करने पहुँचा था, तभी वह इस हादसे का शिकार हो गया। बाणगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का नाम रवि पिता प्रेमलाल गुर्जर (३५) निवासी नंदबाग कॉलोनी है। पुलिस जांच में सामने आया कि रवि बीते शनिवार को अपने दोस्त गोपाल से मिलने के लिए क्षेत्र में ही एक निमार्णाधीन मकान पर गया था। गोपाल वहाँ टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। मकान की दूसरी मंजिल पर काम चलने के दौरान रवि वहीं मौजूद था।घटनाक्रम के मुताबिक, जब रवि दूसरी मंजिल से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह करीब २० फीट की ऊँचाई से सीधे नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद दोस्त गोपाल और अन्य मजदूरों ने बिना वक्त गंवाए लहूलुहान हालत में रवि को तुरंत एमवाय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ कई दिनों तक उसका उपचार चला, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पूछताछ में दोस्त गोपाल ने पुलिस को बताया कि घटना के वक्त मकान में काम चल रहा था। जब रवि नीचे उतरने लगा, तो वहाँ काम कर रहे एक अन्य कर्मचारी ने उसे ध्यान से और सावधानीपूर्वक नीचे उतरने के लिए टोकते हुए चेतावनी भी दी थी। लेकिन इसके बावजूद अचानक रवि का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।
