इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में सांवेर रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान दो सगे भाइयों के बीच कारोबार के बंटवारे और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए बड़े भाई ने छोटे भाई पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी भाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हमले की वारदात फरियादी सारिक पिता सफी कुरैशी निवासी मल्हार पलटन के साथ हुई है। सारिक ने पुलिस को बताया कि सांवेर रोड पर उनके पिता सफी कुरैशी की ‘सलीम स्टील’ के नाम से लोहे की फैक्ट्री है। घटना के वक्त सारिक अपनी इस फैक्ट्री में काम कर रहे थे। काम के दौरान ही सारिक ने अपने पिता सफी कुरैशी से कहा कि अब मुझे मेरा काम-धंधा अलग कर दो और मुझे एक मोटरसाइकिल दिला दो। छोटे भाई सारिक की यह बात वहां मौजूद उसके बड़े भाई आरोपी सोहिल कुरैशी को इतनी नागवार गुजरी कि वह आगबबूला हो गया और सारिक को गालियां देने लगा। जब फरियादी सारिक ने अपने बड़े भाई सोहिल को सरेराह गाली-गलौज करने से मना किया, तो विवाद और ज्यादा बढ़ गया। गुस्से में आपा खो चुके सोहिल ने फैक्ट्री में ही पास में पड़ी एक भारी लोहे की रॉड उठा ली और सीधे सारिक के सिर पर दे मारी।
