
इंदौर, । रेसकोर्स रोड स्थित बास्केटबाल स्टेडियम पर हैदराबाद के उच्च शिक्षित, पांच बहनों के इकलौते भाई कौशिक कुमार खांटेड के पांच दिवसीय भव्य दीक्षा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार 19 नवम्बर को सुबह 7.30 बजे कंचनबाग स्थित बीसीएम प्राइड से मंगल प्रवेश सामैया के साथ होगा। आचार्य प.पू. विजय पद्मभूषणरत्न सूरीश्वर, आचार्य विजय जिनसुंदर सूरीश्वर एवं आचार्य विजय धर्मबोधि सूरीश्वर म.सा. सहित करीब 50 साधु-साध्वी-भगवंत इस जुलूस में शामिल होंगे।
युगप्रधान परिवार की ओर से विनोद जैन, रितेश जारोली और सोमिल कोठारी ने बताया कि मंगल प्रवेश जुलूस रेसकोर्स रोड श्रीसंघ तक जाएगा। महोत्सव में निश्रा प्रदान करने हेतु 50 से अधिक साधु-साध्वी-भगवंत इंदौर आएँगे। गुरुवार 20 नवंबर को सुबह 9 बजे शांतिधारा महाभिषेक पूजन, शुक्रवार 21 नवंबर को नवकार परिवार द्वारा विशाल समूह सामायिक एवं दोपहर 2.30 बजे से शहर के सभी जैन श्वेताम्बर महिलाओं की महाचौबीसी (सांझी) सायं 7 बजे मुमुक्षु की रजवाड़ी शोभायात्रा निकाली जाएगी। शनिवार 22 नवंबर को सुबह 7.30 बजे नवकारसी एवं 8.30 बजे भव्य वर्षी दान यात्रा के बाद सुबह 10 बजे बैठा वर्षी दान, धर्मसभा एवं दीक्षा के मुख्य चढ़ावे एवं नवकारसी के बाद दोपहर 4 बजे मुमुक्षु का संसारी वेश में अंतिम भोजन, शाम 7.30 बजे संसार से संयम के मार्ग पर अंतिम बिदाई तथा रविवार 23 नवंबर को सुबह 7 बजे से महामंगलकारी दीक्षा विधि प्रारंभ होगी। जिसमें सभी आचार्य एवं 50 से अधिक साधु-साध्वी-भगवंतों की पावन निश्रा रहेगी।
महोत्सव की दिव्यता को देखते हुए शहर के प्रमुख जैन श्रीसंघों, युवा मंडलों, जैन संगठनों की महोत्सव समिति का गठन मुमुक्षु कौशिक कुमार की संसारी मातुश्री पुष्पाबाई सुकनराज खांटेड सिकंदराबाद (तेलंगाना) के मार्गदर्शन में किया गया है, जिसमें यशवंत जैन, प्रकाश भटेवरा, देवेन्द्र झवेरी, मनीष शाह, विपिन सोनी, डॉ. हसमुख गाँधी एवं विजय ओसवाल सहित 21 प्रमुख सेवाभावी शामिल किए गए हैं। महोत्सव की तैयारियों के लिए नियमित बैठकों का सिलसिला तिलकनगर उपाश्रय पर जारी है।
