कलेक्टर के निर्देशानुसार महू में की गई बड़ी राजस्व कार्रवाई
—
महू में लगभग 18 बीघा शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से कराया गया मुक्त
—
लगभग 60 करोड़ रुपये है मुक्त करायी गई भूमि की अनुमानित कीमत
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार तथा अनुविभागीय अधिकारी श्री राकेश परमार के नेतृत्व में आज डॉ. अम्बेडकर नगर, महू में महत्वपूर्ण राजस्व कार्रवाई संपादित की गई। जिला प्रशासन की टीम ने लगभग 18 बीघा शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। मुक्त करायी गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये है। इस भूमि पर करीब 40वर्षों से अवैध कब्जा था।
उक्त भूमि कब्जा मुक्त कराकर हाउसिंग बोर्ड को सौंप दी गई है। यह भूमि लंबे समय से अतिक्रमणकारियों द्वारा कब्जा किए जाने के कारण सरकारी उपयोग में नहीं लाई जा पा रही थी। राजस्व,पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा स्थल पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। राजस्व अमले ने मौके पर सीमांकन कर भूमि को विधिवत सरकारी कब्जे में लिया। प्रशासन द्वारा कब्जा मुक्त भूमि को औपचारिक रूप से मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड को हस्तांतरित कर दिया गया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे तथा इसी प्रकार की सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
