
इंदौर,
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जी. एल. सोढ़ी के नेतृत्व और नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. पारस कुमार रावत के मार्गदर्शन में डॉ. यशोदीप चौहान (दंत चिकित्सक, जिला चिकित्सालय, इंदौर) द्वारा जीवन शाला विसर्जन आश्रम, नवलखा और शासकीय अटल बिहारी वाजपेयी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, भवरकुआ, इंदौर में “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” के अंतर्गत जनजागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविरों के दौरान डॉ. यशोदीप चौहान ने छात्रों को तंबाकू सेवन से होने वाली विभिन्न बीमारियों जैसे अस्थमा, दिल का दौरा, कैंसर आदि के प्रति जागरूक किया और उन्हें “सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम” (COTPA) के विभिन्न नियमों और दंडों के बारे में भी जागरूक किया। उन्हें तंबाकू सेवन से दूर रहने और दूसरों को भी तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के आर्थिक, शारीरिक आदि दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना है ताकि वे तंबाकू उत्पादों से दूर रहें और एक उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर रहें। इसके अलावा शिविरों के दौरान विभिन्न मुख रोगों जैसे पायरिया, दांतों की सड़न, मुख कैंसर आदि के बारे में जागरूक किया गया तथा मुख स्वच्छता के निर्देश दिए गए और विभिन्न मौखिक रोगों की जाँच के लिए छात्रों के मुख/दंत परीक्षण भी किए गए।
