हेल्पडेस्क स्थापित
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के अंतर्गत नगरीय क्षेत्र के मतदाताओं को बेहतर मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 204 इंदौर-1 में महत्वपूर्ण व्यवस्था की गई है। नगर निगम के जोन क्रमांक 01, 04, 15, 16 एवं 20 (वार्ड क्रमांक 01 से 17) के जोनल कार्यालयों में पूर्व से संचालित हेल्प डेस्क के अतिरिक्त अब सुपरवाइजर क्लस्टर मुख्यालय स्तर पर भी हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
एसडीएम सुश्री निधि वर्मा ने बताया कि ये हेल्प डेस्क सेंट ज्योति कॉन्वेंट हायर सेकंडरी स्कूल, बाल विकास विद्यालय, कक्ष क्रमांक 1, चंदन नगर, शा. प्रा. वि. सामुदायिक भवन, सिरपुर, पुलिस पब्लिक स्कूल, 15वीं वाहिनी, महेश गार्ड लाइन, शा. बा. उ. मा. वि., बाणगंगा, और शा. प्रा. कन्या विद्यालय, बाणगंगा मेन रोड, कुशवाह समाज धर्मशाला में संचालित होंगे।
उक्त सुपरवाइजर क्लस्टर में सम्मिलित सभी मतदान केंद्रों के मतदाताओं के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 07 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
क्षेत्र के मतदाता अपने अथवा अपने पिता के वर्ष 2003 के निवास (राज्य, जिला, शहर, विधानसभा) संबंधी विवरण के साथ निर्दिष्ट सुपरवाइजर क्लस्टर भवन में पहुंचकर संबंधित सुपरवाइजर से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सुपरवाइजर द्वारा जानकारी उपलब्ध कराए जाने के बाद मतदाता तत्काल गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय, इंदौर द्वारा समस्त मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान कर अपने मताधिकार को सुरक्षित सुनिश्चित करें।
