तेजाजी नगर बायपास पर चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण 16 साल के छात्र गुलशन की मौत हो गई। घायल गुलशन को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को एमवाय अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है ।
ओमेक्स सिटी निवासी 16 वर्षीय गुलशन पुत्र रामकिशन अपने भाई अरुण और दोस्त विशाल व कृष्णा के साथ बाइक से रालामंडल से घर लौट रहा था तभी रास्ते में अचानक पतंग का मांझा बाइक की दिशा में आ गया और गुलशन की गर्दन पर फंस गया। इससे उसे गहरा कट लगा गंभीर हालत में अत्यधिक खून बहने के कारण उसने अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया।गुलशन के साथ बाइक पर बैठे अरुण, विशाल और कृष्णा ने भी डोर पकड़ने की कोशिश की। इससे उनके भी हाथों में चोट आई। गुलशन मूलतः ठीकरी अशोक नगर का रहने वाला था। पिता रामकिशन मजदूरी करते हैं। परिवार में माता और भाई अरुण हैं। गुलशन 8वीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की मदद के लिए छोटा-मोटा काम भी करता था।
इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने 25 नवंबर को चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाया था। इसे बेचना और इसका भंडारण करना प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
