महू क्षेत्र में एसडीएम श्री राकेश परमार ने की बड़ी कार्रवाई
बिना रजिस्ट्रेशन के प्लाट बेचने वाली कंपनी को भी किया सील

इंदौर,
डॉ. अम्बेडकर नगर महू एसडीएम श्री राकेश परमार ने मंगलवार को ग्राम भाटखेड़ी स्थित एडवांस हाइजिन प्रोडक्ट कंपनी का औचक निरीक्षक किया। मौके पर एसिड बनाने का कारखाना होना पाया गया। संचालक द्वारा मौके पर कोई भी परमिशन व एनओसी नहीं प्रस्तुत की गई। कारखाने में फायर सेफ्टी संबंधी कोई व्यवस्था नहीं पायी गई। उक्त कारखाना खसरा क्र. 25/2 में 0.137 हेक्टेयर रकबे में संचालित हो रहा था। इस रकबे के भूस्वामी आलोक जैन पिता प्रताप जैन तथा शैल जैन पति आलोक जैन का होना बताया गया। बताया गया कि पिछले दो वर्षों से यहां एसिड का भण्डारण किया जा रहा था, परंतु इसके भण्डारण हेतु कोई अनुमति नहीं ली गई थी। मौके पर प्लास्टिक के 9 टेंक एसिड से भरे पाये गये। कारखाना स्थल पर सुरक्षात्मक कोई मानक उपाय नहीं किये गये थे। जिस पर एसडीएम श्री परमार द्वारा कार्रवाई करते हुए उक्त कारखाने को मौके पर सील कराया गया तथा सारा सामान भूस्वामी आलोक जैन के सुपुर्द किया गया। इस दौरान तहसीलदार महू, ग्राम पटवारी व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
इसके अलावा एसडीएम श्री राकेश परमार द्वारा ग्राम भाटखेड़ी में ही दिव्य इंटरप्राइजेस एण्ड कंस्ट्रक्शन कंपनी का भी औचक निरीक्षण किया गया। कंपनी के ऑफिस में प्लाट बेचने संबंधी अनुमति/दस्तावेज मांगने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये गये। कंपनी का प्लाट बेचने के संबंध में रेरा में भी कोई रजिस्ट्रेशन नहीं होना पाया गया। जिससे मौके पर ही ऑफिस को किया गया।
एसडीएम राकेश परमार द्वारा महू क्षेत्र में चाइनीज मांझे को लेकर भी पतंग दुकानों का निरीक्षण किया गया तथा दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
