इंदौर, । बर्फानी धाम के पीछे स्थित गणेश नगर में माता केशरबाई रघुवंशी धर्मशाला परिसर के शिव-हनुमान मंदिर की साक्षी में गुरुवार 1 जनवरी से बुधवार 7 जनवरी तक प्रख्यात रामकथा मर्मज्ञ आचार्य पं. मनोज भार्गव के श्रीमुख से 7 दिवसीय श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 से सायं 5 बजे तक होगा। माता केशरबाई रघुवंशी धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास के अध्यक्ष तुलसीराम-सविता रघुवंशी एवं संयोजक रेवतसिंह रघुवंशी ने बताया कि नववर्ष के उपलक्ष्य में पिछले 25 वर्षों से यहां नियमित रूप से कथा सत्संग का आयोजन जारी है। एक जनवरी से शुरू होने वाली इस कथा में शहर के अनेक धार्मिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कथा में 1 जनवरी को रामायण महात्यम एवं सती चरित्र, 2 को शंकर पार्वती विवाह, 3 को श्रीराम जन्म महोत्सव, 4 को श्रीराम सीता विवाह, 5 को पंचवटी निवास, गिद्धराज एवं शबरी चरित्र, 6 को श्रीराम –सुग्रीम मित्रता, 7 को रावण वध एवं रामराज्याभिषेक प्रसंगों की संगीतमय कथा होगी। प्रमुख उत्सव भी मनाए जाएंगे। इस आयोजन के लिए अगले सप्ताह शिव हनुमान मंदिर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वजा पूजन का आयोजन किया जाएगा। कथा का शुभारंभ नववर्ष के पहले दिन शोभायात्रा के साथ होगा।
