शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इंदौर पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से मल्हारगंज और सदर बाजार थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। डीसीपी जोन-१ कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर यह विशेष कार्रवाई की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर दबाव बनाना और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना है। जिंसी और राजमोहल्ला में व्यापक कार्रवाई- एसीपी विवेक सिंह चौहान और टीआई मल्हारगंज वेदेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मल्हारगंज थाना क्षेत्र के जिंसी, राजमोहल्ला, सब्जी मंडी सहित अन्य भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल द्वारा व्यापक चेकिंग की गई। पूरे एरिया ऑपरेशन की ड्रोन से वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि पुलिस की नज़र से बचकर हो रही किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नज़र रखी जा सके। इसी कड़ी में, टीआई सदर बाज़ार यशवंत बड़ोले के नेतृत्व में सदर बाजार क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर भी ड्रोन की मदद से लगातार निगरानी और चेकिंग जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर इस तरह की सघन चेकिंग और निगरानी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि कल रणजीत हनुमान बाबा की प्रभातफेरी हजारों भक्तों की मौजूदगी में निकली थी, जिसमें भी पुलिस ने सख्ती रखी थी, ड्रोन से भी निगरानी की थी,चैकिंग अभियान भी चलाया था।
