
इंदौर
स्वस्थ शिशु का जन्म किसी भी परिवार के लिए सबसे सुखद एवं आनंद का पल होता है और यदि ऐसा न हो तो यह परिवार के लिए सबसे कठिन समय भी होता है। धार जिला ब्लॉक नालछा ग्राम सोडलियापुरा निवासी आरती पति घनश्याम ने गत 07 अगस्त 2025 को एम.टी.एच. चिकित्सालय इंदौर में अयान को जन्म दिया। जन्म के समय बाल शिशु अयान का वजन मात्र 1.6 किलोग्राम था। रक्तचाप बढ़ने के कारण आरती की डिलीवरी समय पूर्व हो गई। गत 13 अक्टूबर अयान को माता-पिता डॉ. वीणा तिवारी की ओ.पी.डी. मानपुर में दिखाने लाये थे, उस समय अयान की उम्र मात्र 2 माह 6 दिन थी। अयान अपने माता-पिता की पहली संतान है। अयान की कमजोर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पोषण पुर्नवास केन्द्र (NRC) मानपुर में भेजा गया। पोषण पुर्नवास केन्द्र में भर्ती के समय अयान का वजन मात्र 1.7 किग्रा था, कमजोर होने के कारण व माँ का दूध भी नहीं पी पा रहा था। अयान को मॉ के दूध के साथ-साथ एफ-100 डयल्यूटेड आहार दिया गया। पोषण पुर्नवास केन्द्र में उचित देखभाल के कारण अयान ने 11वें दिन ही लक्ष्य वजन प्राप्त कर लिया था, किन्तु अतिकम वजन होने के कारण अयान को 21 दिन तक पोषण पुर्नवास केन्द्र में रखा गया। 21वें दिन 04 नवम्बर को डिस्चार्ज के वक्त उसका वजन 2.275 किग्रा हो गया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि पोषण पुर्नवास केन्द्र में भर्ती अयान का 15-15 दिन में चिकित्सकों द्वारा निरंतर फॉलोअप किया जा रहा है, 15 नवंबर को पहले फालोअप के वक्त उसका वजन 2.395 किग्रा था। 30 नवम्बर को दूसरे फॉलोअप के समय उसका वजन 2.595 किग्रा हो गया, तीसरे फॉलोअप में 15 दिसम्बर को वजन बढ़कर 2.860 किग्रा हो गया। अब वह स्वस्थ होने के कारण और वजन बढ़ने के कारण स्वाभाविक रुप से माँ का दूध ले पा रहा है, जो कि उसके जीवन का सर्वोत्तम उपहार है। अयान के माता-पिता ने चिकित्सकों एवं एफ.डी. अनिता को उनके प्रयासों एवं परामर्श के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
