इंदौर,
पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सीधे समझने के लिए जिला इंदौर ग्रामीण पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम भगोरा में ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुँचकर उनकी शिकायतें सुनीं। ग्राम भगोरा में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला इंदौर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार द्विवेदी, एसडीओपी महू ललित सिंह सिकरवार एवं महू थाना प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान खोजना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना था। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने बेझिझक होकर अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने, गश्त बढ़ाने और अन्य सार्वजनिक समस्याओं के बारे में एसपी को अवगत कराया। एसपी ने ग्रामीणों से गांव की भौगोलिक स्थिति और सामाजिक परिवेश की जानकारी ली। कई ग्रामीणों ने अपनी निजी कानूनी समस्याएं भी साझा कीं, जिनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एसपी यांगचेन डोलकर भुटिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा बताई गई हर समस्या का उचित और वैधानिक निराकरण किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंवाद में आई शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही की जाए ताकि ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़े।
