इंदौर
कनाड़िया थाना क्षेत्र के बायपास रोड स्थित एक रिसोर्ट में शादी की खुशियां उस समय तनाव में बदल गईं, जब गोवा से आई एक बुजुर्ग महिला का पर्स चोरी हो गया। पर्स में सोने के कीमती जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन रखा था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी निलीमा पति राजीव सावंगीकर (६२ वर्ष), निवासी रिसारा एलीगेंट, गोवा, अपने परिवार के साथ इंदौर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। घटना बायपास रोड स्थित भंडारी रिसोर्ट के हॉल में हुई। महिला का ध्यान थोड़ा सा भटका और इसी बीच किसी शातिर बदमाश ने उनका पर्स पार कर दिया। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि चोरी गए पर्स में काफी कीमती सामान था। बदमाशों ने पर्स के साथ उसमें रखे एक सोने
की चेन का नेकलेस, दो सोने के मोती वाले झुमके,१४,००० रुपये नकद और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन चुरा लिया। घटना की सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुँची और मौका मुआयना किया। पुलिस रिसोर्ट के हॉल और प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस को अंदेशा है कि शादी के माहौल में भीड़ का फायदा उठाकर किसी बाहरी व्यक्ति या ‘गैंग’ ने इस वारदात को अंजाम दिया होगा।
