इंदौर
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की माउंट बर्ग कॉलोनी में सार्वजनिक स्थान पर नशा करने से रोकने पर एक युवक और उसके पिता ने मिलकर पड़ोसी पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना माउंट बर्ग कॉलोनी की है। फरियादी मनजीत पिता विजय कुमार हंसारी ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी के गार्डन में आरोपी जयराज बैठकर शराब पी रहा था। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते देख फरियादी ने उसे टोका और वहां से जाने को कहा। इसी बात से जयराज नाराज हो गया और मनजीत को गालियां देने लगा। जब मनजीत ने अपशब्दों का विरोध किया, तो जयराज वहां से भागकर अपने घर गया और अपने पिता राजेश सिरसाठ को बुला
लाया। आरोपी जयराज अपने साथ लकड़ी का डंडा भी लेकर आया था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर मनजीत को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। आरोपी जयराज ने डंडे से हमला किया, वहीं उसके पिता राजेश ने मनजीत के साथ लात-घूसों से मारपीट की। शोर सुनकर जब लोग इकट्ठा हुए, तो आरोपी जाते-जाते मनजीत को जान से खत्म करने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
