सुनवाई केंद्रों पर मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था

इंदौर
इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे–आपत्तियों की सुनवाई हेतु बनाए गए केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार ने विभिन्न सुनवाई केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिले में गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इसके पश्चात मैपिंग से संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिनकी सुनवाई के लिए नवाचार के तहत समुचित और सुव्यवस्थित इंतजाम किए गए हैं।
सुनवाई केंद्रों पर मतदाताओं के लिए बैठने की व्यवस्था, छाया, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, प्रत्येक केंद्र पर कंप्यूटर एवं प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था की गई है, ताकि दावे–आपत्तियों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नोटिस के अनुसार उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लें, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
