सभी नवयुगलों को गृहस्थी चलाने योग्य उपहार दिए जाएँगे-विवाह की सभी रस्मों का पालन होगा
इंदौर। अग्रवाल समाज की अग्रणी संस्था श्री अग्रसेन महासभा की मेजबानी में आगामी 13-14 फरवरी को २१ युगलों के सामूहिक विवाह का वृहद आयोजन महासभा के बायपास स्थित मांगलिक भवन पर किया जाएगा। इसमें शामिल होने वाले सभी युगलों को गृहस्थी चलाने योग्य उपहार तो भेंट किए ही जाएँगे, सभी सामाजिक रस्मों रिवाज का पालन भी किया जाएगा।
महासभा के अध्यक्ष कैलाश नारायण बंसल, मंत्री राजेश मित्तल, प्रमुख संयोजक राजेश जिंदल एवं अरुण आष्टा वाले ने बताया कि महासभा द्वारा प्रतिवर्ष सामूहिक विवाह का आयोजन करने की परंपरा का निर्वाह करते हुए इस वर्ष भी सामूहिक विवाह का वृहद आयोजन करने का निर्णय लिया गया है जो महासभा के इतिहास में 38वां आयोजन होगा। प्रचार संयोजक अजय आलूवाले एवं सीए एसएन गोयल ने बताया कि सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले युगलों के लिए 13 फरवरी को महिला संगीत, 14 फरवरी को गणेश पूजन, चाक भात, तिलक, सामेला, वर निकासी एवं शोभा यात्रा के पश्चात अग्नि की साक्षी में विद्वान आचार्यों के निर्देशन में सात फेरों की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के लिए भी मांगलिक भवन में आवास, चाय नाश्ते और भोजन सहित स्वागत सत्कार की व्यवस्था भी की जाएगी। महासभा के मांगलिक भवन में मेहमानों के लिए वातानुकूलित कक्ष में आवास एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इच्छुक पालक एवं प्रत्याशी सामूहिक विवाह समिति के प्रमुख संयोजक राजेश जिंदल एवं अरुण आष्टा वाले से सम्पर्क कर अपनी प्रविष्टियाँ 1 फरवरी तक भिजवा सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए प्रचार प्रमुख अजय आलूवाले से 94250-55151 तथा अरुण आष्टा वाले से 98270-96106 तथा सीए एसएन गोयल से 98260-21279 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
