इंदौर ।
शहर के पॉश इलाके विजय नगर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कार को निशाना बनाया। शीतल नगर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक कार का कांच फोड़कर अज्ञात बदमाश महिला का बैग चोरी कर ले गए। बैगमें सोने की अंगूठी, नकदी और
महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फरियादी नमिता चौधरी निवासी राजेंद्र नगर ने विजय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी नमिता अपनी कार क्रमांक एमपी-०९ डीपी ७१७४ से शीतल नगर क्षेत्र में आई थीं। जब वह वापस अपनी कार के पास पहुँचीं, तो उनके होश उड़ गए। कार की कंडक्टर साइड के पीछे वाला कांच फूटा हुआ था और अंदर रखा उनका कीमती बैग गायब था।फरियादी ने पुलिस को बताया कि चोरी गए बैग में एक सोने की रिंग, हाथ की घड़ी और २०,००० नगद आधार कार्ड, पैन कार्ड और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन और एटीएम कार्ड रखे थे।विजय नगर पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। वारदात स्थल शीतल नगर एचपी पेट्रोल पंप के पास होने के कारण पुलिस पंप और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
