इंदौर।

बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं संस्था छवि वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार 10 जनवरी को सुबह 7 से 9 बजे तक स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में दशहरा मैदान पर आयोजित सूर्य नमस्कार के वृहद आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों का सोमवार को सुबह आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने अवलोकन किया और आयोजन में शामिल होने वाले 5 हजार से अधिक युवाओं के लिए बैठक व्यवस्था, पार्किंग, अंकुरित पौष्टिक आहार के वितरण तथा टीशर्ट वितरण जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने हेतु विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी।
इस अवसर पर संस्था छवि के प्रमुख गोपाल गोयल एवं फाउंडेशन की ओर से प्रवीण मिश्रा ने समूचे मैदान का अवलोकन कर अलग-अलग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ आयोजन से जुड़े विभिन्न समितियों के संदीप गोयल, संतोष साहू, पिंकेश मोदी, डॉ. संजय लोंढे, डॉ. राजकुमार जैन, दिनेश टेलर, हेमंत पटेल, जयकांत शिकरे एवं मनोज सुगंधी भी उपस्थित थे। दशहरा मैदान पर होने वाले इस वृहद सूर्य नमस्कार आयोजन में शामिल होने वाले 5 हजार युवाओं के लिए 5 सेल्फी पॉइंट बनाने का निर्णय भी लिया गया। उन्हें स्वदेशी, सामाजिक समरसता, पर्यावरण, कुटुंब प्रमोदन नाम दिए गए हैं। शनिवार को सूर्य नमस्कार के लिए आने वाले युवाओं को निशुल्क पौष्टिक स्वल्पाहार का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन में स्वदेशी जागरण मंच, हरिओम योग केंद्र, नमोनमो शंकरा परिवार, पुरोहित योग थेरेपी तथा आस्था योग क्रांति अभियान परिवार जैसे प्रमुख संगठनों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रमुख एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी युवाओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने साथ योग मैट एवं पानी की बोतल लेकर 10 जनवरी को सुबह 7 बजे के पहले दशहरा मैदान पहुँच जाएँ। योग करने वाले युवाओं को विशेष टीशर्ट भी उपहार के रूप में दी जाएगी। आयोजन के लिए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के अनेक क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है फलस्वरूप 5 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य समय के पूर्व ही लगभग पूरा हो गया है।
