इंदौर
विजयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक को राह चलते बदमाशों के विवाद के बीच पड़ना महंगा साबित हो गया। बदमाशों ने युवक को अपने विरोधी पक्ष का साथी समझकर उस पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, घटना विजयनगर इलाके की है। फरियादी अनिल पिता बाबूलाल पंवार, निवासी रामकृष्ण बाग कॉलोनी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियो के खिलाफ केस दर्ज किया गया।फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह रोबोट चौराहा कलाली से बियर लेकर अपने घर की ओर जा रहा था। रास्ते में उसने देखा कि कुछ लोग आपस में विवाद और लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। फरियादी वहां से गुजर ही रहा था कि झगड़ा कर रहे बदमाशों ने उसे विरोधी पक्ष का साथी समझ लिया और उसे गालियां देना शुरू कर दिया।जब फरियादी ने बिना वजह गाली देने से मना किया, तो बदमाश भड़क गए। उनमें से एक आरोपी ने फरियादी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे पेट के दाहिनी ओर गंभीर चोट आई। इसी बीच आरोपी के अन्य साथियों ने भी फरियादी के साथ जमकर मारपीट की।मारपीट के बाद बदमाशों ने फरियादी को डराते हुए कहा कि ‘आज के बाद हमारे झगड़ों के बीच में आया तो तुझे जान से खत्म कर देंगे।’ हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
