इंदौर ।
बाणगंगा थाना इलाके में खेल के मैदान पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। क्रिकेट मैच देखने आए दो भाइयों पर खिलाड़ियों ने बल्ले और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई घायल हुए हैं, जिनमें से एक के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना भवानी नगर स्थित विद्या भारती स्कूल के पीछे खेल के मैदान की है। फरियादी मनोज पिता पूरनदास बैरागी और उनका भाई रोहित मैदान किनारे बैठकर मैच देख रहे थे। खेल के दौरान अचानक एक बॉल उछलकर रोहित की कनपटी पर जा लगी। जब भाइयों ने खिलाड़ियों से सावधानी से खेलने को कहा, तो मैदान पर मौजूद आरोपी यश सेन और अंकित शर्मा भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने बल्ले से हमला कर दिया। मनोज ने बताया कि आरोपियों ने क्रिकेट के बल्ले से उसके सिर पर वार किया, जिससे खून निकलने लगा। जब भाई रोहित उसे बचाने आया, तो आरोपियों ने उसे भी बल्ले और लात-घूंसों से जमकर
पीटा। सरेराह हुई इस मारपीट के बाद मैदान पर अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी वहां से भाग निकले, लेकिन जाते-जाते उन्होंने दोनों भाइयों को धमकी दी कि ‘अगर दोबारा हमसे उलझे, तो जान से खत्म कर देंगे।’
