इंदौर।
तुकोगंज इलाके में बदमाशों ने दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। एमजी रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैट का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश हजारों की नकदी और सोने के जेवरात समेट ले गए। वारदात उस समय हुई जब परिवार घर से बाहर गया हुआ था। तुकोगंज पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह घटना ह्यशिवओम रेसिडेंसी’ (५७९ एमजी रोड) की सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर ए-७०१ में हुई। फरियादी अर्चना बोरदिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे पिछले दिनों सुबह करीब ७ बजे किसी काम से घर से बाहर गई थीं। जब वे दोपहर करीब ३ बजे वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर अलमारी में रखे २० हजार रुपये नकद और सोने के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए हैं।
