इंदौर।
एरोड्रम और तिलक नगर थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातें सामने आई हैं। अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान और परिवार की मौजूदगी वाले घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। एरोड्रम थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड स्थित पटेल नगर में चोरों ने दोपहर के समय चोरी की। फरियादी संजीत चौहान के मुताबिक, कल दोपहर करीब ३:३० से शाम ६:२० के बीच जब घर पर कोई नहीं था, तब अज्ञात बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी को खंगाला और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात व नकद रुपए लेकर रफूचक्कर हो गए।वहीं, तिलक नगर थाना क्षेत्र के बख्तावर राम नगर में एक चौंकाने वाली घटना हुई। फरियादी सुमित वैद ने पुलिस को बताया कि वह अपने काम से बंगाली चौराहा गया था, तभी उसके पिता राजेंद्र वैद ने फोन पर सूचना दी कि घर से मां की सोने की चेन चोरी हो गई है। हैरानी की बात यह है कि घर में सदस्यों की मौजूदगी के बावजूद अज्ञात बदमाश मौका पाकर चेन पार कर ले गया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
