इंदौर में जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही – नकली पनीर की आशंका में 300 किलोग्राम पनीर और लगभग 1000 लीटर पामोलीन तेल जब्त
—
परिसर में खाद्य कारोबार कराया गया बंद*
—–
*माँ कृपा डेयरी मूसाखेड़ी पर की गई कार्यवाही*
इंदौर, 15 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इंदौर में फूड एंड ड्रग लैब के उद्घाटन अवसर पर मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में दल द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए आज 15 जनवरी 2026 को मूसाखेड़ी चौराहा स्थित मां कृपा डेयरी से पनीर,मिक्स मिल्क,मिल्क केक, घी एवं फ्रायोलीन पामोलिन तेल का नमूना जांच हेतु लेकर शेष लगभग 110000/-रूपये कीमत की 300 किलो पनीर एवं लगभग 2 लाख रूपये कीमत की 64 टीन पामोलिन तेल कुल मात्रा लगभग 1000 किलो जप्त किया गया तथा पंजीयन वैध नहीं होने के कारण निर्माण एवं विक्रय कार्य आगामी आदेश तक के लिए बंद करवाया गया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जाँच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा जा रहा है, जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
