एसपीजी ने संभाला मोर्चा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा
इंदौर।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के १७ जनवरी को प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा हलकों में हलचल तेज हो गई है। दूषित पेयजल से प्रभावित भागीरथपुरा क्षेत्र के पीड़ितों से मिलने आ रहे राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए दिल्ली से स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) टीम इंदौर पहुँच चुकी है। वहीं, रविवार को होलकर स्टेडियम में होने वाले भारतन्यूजीलैंड वन-डे मैच ने पुलिस की चुनौती को दोगुना कर दिया है। सुरक्षा और राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने पहले राहुल गांधी के दौरे की अनुमति देने से इन्कार किया था, लेकिन बाद में भागीरथपुरा और बॉम्बे हॉस्पिटल जाने की सशर्त अनुमति प्रदान की गई है। राहुल गांधी के एयरपोर्ट आगमन से लेकर उनके पूरे रूट और आयोजन स्थलों पर कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा। एसपीजी टीम ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा ब्रीफिंग की है और कार्यक्रम स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया है।
क्रिकेट मैच और वीआईपी मूवमेंट की दोहरी चुनौती
पुलिस और प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती राहुल गांधी के दौरे के अगले ही दिन १८ जनवरी होने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच है। होलकर स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए शहर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। डीआरपी लाइन के बल के अलावा अन्य जिलों और मुख्यालयों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
