इंदौर।
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बुजुर्ग पर हमला करने का मामला सामने आया है। महज रास्ते पर शौच करने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में सगे भाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर फरियादी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, ६१ वर्षीय कैलाश जिराती निवासी असरावद खुर्द ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि यह घटना उस वक्त हुई जब वे हनुमान टेकरी स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में उनके बड़े भाई भेरूसिंह जिराती ने उन्हें रोक लिया और हाथ में लोहे की सब्बल लेकर गालियां देने लगा। आरोपी का आरोप था कि कैलाश उसी रास्ते पर शौच करता है जहाँ से उसका परिवार गुजरता है। जब कैलाश
ने गालियां देने से मना किया, तो भेरूसिंह ने तैश में आकर उन पर सब्बल से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई।?विवाद बढ़ता देख भेरूसिंह की पत्नी गंगाबाई और उनके दो बेटे जितेंद्र व जीवन भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुँच गए। इन सभी ने मिलकर कैलाश को घेर लिया और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में बुजुर्ग कैलाश के सिर के पिछले हिस्से, दोनों हाथों और सीधे पैर में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
