इंदौर।
पलासिया क्षेत्र की एक कॉलोनी में आपसी विवाद के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। एक दूसरे पर चाकू और डंडे से हुए हमले में दोनों पक्ष से ३ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक विवाद और चाकूबाजी की घटना गत रात १० से १०.३० बजे के बीच चिटनीस का पूर्वा, पदमावती कॉलोनी में हुई। पुलिस ने एक पक्ष से फरियादी विनोद उर्फ विवेक पिता अनिल कैथवास निवासी चिटनीस का पूर्वा, की रिपोर्ट पर आरोपी योगेश पिता शंकरलाल कैथवास, रोहन कैथवास, रोहित कैथवास और चांदनी पति रोहित कैथवास के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने गालियां दी और विवाद कर हमला कर दिया। इस दौरान उस पर चाकू से वार कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। दूसरे पक्ष से पुलिस ने
फरियादी मधु पति शंकर कैथवास की रिपोर्ट पर आरोपी विनोद उर्फ विवेक कैथवास निवासी चिटनीस का पूर्वा और हरीश बौरासी निवासी लालबाग के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने बताया कि आरोपियो ने गालियां दी और चाकू वार कर दिया जिससे चोट लगकर खून लगा। जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्ष पर केस दर्ज किया है। घटना की जांच की जा रही है।
