शनिवार को सुसज्जित रथ में विराजित होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगी माँ भगवती, रविवार को नर्मदा जयंती पर नौका विहार

इंदौर
विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर 31 वें प्रकाशोत्सव में दूसरे दिन माँ ललिता पराम्बा का ब्रह्मचारिणी स्वरुप मंं मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर पर चले रहे सग्रहमख ललिताम्बा महायज्ञ में स्वाहाकार की मंगल ध्वनि प्रारंभ हो गई है, जिसमें 31 विद्वान प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आहुतियां समर्पित कर रहे हैं। गुप्त नवरात्रि के उपलक्ष्य में यहाँ प्रतिदिन भगवती का नित्य नूतन श्रृंगार भी किया जा रहा है, जिनके दर्शनार्थ भक्तों का मेला जुटने लगा है।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि महायज्ञ के इस अनुष्ठान में भगवती के एक हजार नामों से ललिताम्बा महायज्ञ में प्रतिदिन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में 11 विद्वानों एवं यजमानों द्वारा माँ को प्रिय व्यंजनों की आहुतियां समर्पित की जा रही हैं। 11 विद्वान यज्ञकर्म का संचालन कर रहे हैं। भगवती के नित्य नूतन और मनोहारी श्रृंगार का जिम्मा आचार्य पं. लोकेश शर्मा और उनके साथी निभा रहे हैं। मंदिर पर प्रतिदिन सुबह 6 बजे वैदिक संध्या वेदपाठ, 7:30 बजे षोडशोपचार पूजन, 9 बजे श्रृंगार आरती, दोपहर 2.30 बजे दुर्गा सप्तशती पाठ, शाम 6 बजे ललिता सहस्त्र नामावली से लक्षार्चन आराधना एवं शाम 8 बजे 108 दीपों से महाआरती के आयोजन 27 जनवरी तक होंगे। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। शनिवार 24 जनवरी को शाम 5 बजे आश्रम परिसर से माँ अपने भक्तों को दर्शन देने शहर भ्रमण पर निकलेगी। एक सुसज्जित रथ में विराजित होकर माँ भगवती कालानी नगर, सुखदेव नगर, साठ फीट रोड, कान्यकुब्ज नगर, एयरपोर्ट रोड होते हुए पुनः आश्रम पहुंचेगी, जहाँ माँ को 56 भोग समर्पित किए जाएँगे। शोभा यात्रा की जोरदार तैयारियां की जा रही है।
आश्रम से जुड़े रमेश पसारी, चन्दन तिवारी एवं संजय पंडित ने बताया कि रविवार 25 जनवरी को सुबह 9.30 बजे से पूज्य ‘भगवन’ के श्रीविग्रह एवं पादुका पूजन अभिषेक एवं आरती तथा शाम 6 बजे नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में नर्मदा के पवित्र जल में माँ का नयनाभिराम नौकाविहार होगा। नौकाविहार की जीवंत झांकी भी श्रृंगारित की जाएगी। महाअष्टमी सोमवार 26 जनवरी को शाम 6 बजे से माँ का भव्य पुष्प बंगला श्रृंगारित होगा जिसमें विराजित होकर माँ के दिव्य दर्शन होंगे। मंगलवार 27 जनवरी को शाम 6 बजे से दीपोत्सव एवं छप्पन भोग दर्शन का दिव्य आयोजन होगा। महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सग्रहमख ललिताम्बा महायज्ञ आश्रम की यज्ञ शाला में प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से हो रहा है।
