इंदौर
लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक युवक के कमरे में घुसकर चोरी और दबंगई करने का मामला सामने आया है। यहाँ स्कीम नंबर ७८ स्थित एक मल्टी में रहने वाले युवक के घर चार आरोपी पहुँचे और कमरे में मौजूद उसके दोस्त को डरा-धमकाकर कीमती सामान से भरा बैग लूट ले गए। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात मल्टी स्कीम नंबर ७८ में १५ जनवरी की रात करीब १ बजे हुई। महालक्ष्मी नगर निवासी फरियादी देव
कुमार पिता सुनील कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि उस समय उसका दोस्त दर्शन कमरे पर अकेला था। तभी आरोपी गगन यादव, मनीष यादव, ओम यादव और देवेश यादव सभी निवासी निपानिया वहां आ धमके। आरोपियों ने दर्शन से देव कुमार के बारे में पूछताछ की। जब दर्शन ने देव के बारे में जानकारी होने से इनकार किया, तो आरोपियों ने कमरे की तलाशी ली और वहां रखा देव कुमार का ट्रॉली बैग उठाकर ले गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए बैग में सोने की चेन, नकद राशि और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। घटना के बाद घबराए दोस्त ने देव को सूचित किया, जिसके बाद लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या पुराने विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
