इंदौर
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के रणजीत हनुमान रोड स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर न केवल नकद राशि, बल्कि करीब २५ से ३० तोला सोने के जेवरात और चांदी के बर्तन भी साफ कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना उषा नगर निवासी महेंद्र सिंह गेहलोत के मकान में १९ जनवरी की रात करीब ८ बजे हुई। अज्ञात बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और इत्मीनान से अलमारियों में रखा कीमती सामान समेट लिया। चोरों ने भगवान की चांदी की थाली, गिलास, चम्मच, कटोरी के साथ ही चांदी की पायल और ब्रेसलेट चोरी कर लिए। सबसे ज्यादा नुकसान सोने के जेवरातों का हुआ है, जिसमें एक हार सेट, एक छोटा हार सेट, एक रानी हार, मांग टीका, चेन, चार चूड़ियां, पांच अंगूठियां और दो टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा अलमारी में रखे १ लाख
५० हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए। फरियादी महेंद्र सिंह के मुताबिक, चोरी गए सोने की कुल मात्रा लगभग २५ से ३० तोला के बीच है। सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के आनेजाने के मार्ग और उनकी पहचान का सुराग लग सके।
