इंदौर। मानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खेड़ीसिहोद में पुरानी रंजिश या विवाद के चलते दो युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घायल युवक की पहचान विशाल चौहान, निवासी सोडल्यापुरा (नालछा) के रूप में हुई है। विशाल ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ खेड़ीसिहोद स्थित तेजाजी मंदिर के पास खड़ा था, तभी आरोपी सुमित पिता जोरावरसिंह और बलराम पिता नरसिंह वहां पहुँचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। बहस बढ़ते ही आरोपियों ने विशाल पर चाकू से हमला कर दिया और उसे घायल कर मौके से फरार हो गए। मानपुर पुलिस ने फरियादी विशाल की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
